प्रतिनिधि/ किशनगंज
जिले के खगड़ा में स्थित एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार किया जाएगा,जिसके लिए विभागीय प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।बिहार सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग ने एयरपोर्ट के रनवे विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 24.70 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए विभाग द्वारा 5 करोड़ 45 लाख 97 हजार 100 रुपये की भारी-भरकम राशि की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार इस राशि की स्वीकृति के संबंध में नागरिक उड्डयन विभाग के अपर सचिव ने वित्त विभाग को पत्र प्रेषित कर दिया है। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत की गई है।रनवे विस्तार के लिए अधिग्रहित की जाने वाली इस जमीन का उपयोग हवाई पट्टी को बड़ा करने और एयरपोर्ट की अन्य तकनीकी सुविधाओं को विकसित करने में किया जाएगा।
भूमि अधिग्रहण की लागत का आकलन संबंधित मौजा (क्षेत्र) के अधिसूचित एमवीआर के आधार पर, आवासीय एवं विकासशील जमीन की वर्तमान दरों को ध्यान में रखकर किया गया है। विभाग ने इस स्वीकृत राशि को जल्द से जल्द जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, किशनगंज के डिपॉजिट अकाउंट में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है, ताकि भूमि अधिग्रहण का काम बिना किसी बाधा के शुरू किया जा सके।
सीमांचल के विकास को मिलेगी नई उड़ान
किशनगंज एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार होने से न केवल क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि पूरे सीमांचल के आर्थिक और सामाजिक विकास को एक नई गति मिलेगी। आने वाले समय में यहां बड़े विमानों की लैंडिंग संभव हो सकेगी, जिससे आने वाले समय में स्थानीय यात्रियों को यात्रा के लिए बेहतर और सुलभ विकल्प भी मिलने के आसार नजर आ रहे है। अगले कुछ ही दिनों में जिला प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण से जुड़े आवश्यक जमीनी कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।शीघ्र ही जिला प्रशासन के द्वारा भी इस हेतु आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
रनवे विस्तार सुरक्षा के लिहाज से भी होगा कारगर
किशनगंज सीमावर्ती जिला होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से भी एयरपोर्ट के रनवे विस्तार की पहल कारगर हो सकती है। किशनगंज जिला सुरक्षा के दृष्टिकोण से कईं मायने में महत्वपूर्ण माना जाता है।हाल के दिनों में बांग्लादेश के साथ संबंधों में जिस तरह का गतिरोध उत्पन्न हुआ है इसे देखते हुए सरकार के इस निर्णय को सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जिले से नेपाल की सीमा बिल्कुल करीब है बंगलादेश की सीमा भी महज 35 से 40( किलोमीटर की दूरी पर है।ऐसे में सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से कई महत्वपूर्ण तथ्यों को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार किया जा रहा है।






















