सागर चंद्रा/ किशनगंज
एक 18 वर्षीय किशोर के अपहरण का मामला सामने आया है। गत 20 मई की देर रात बदमाशों ने उसे फोन कर घर से बुलाया और जबरन कार में बैठा कर उसका अपहरण कर लिया। घटना के बाद परिजनों ने उसे ढ़ूंढ़ने का भरपूर प्रयास किया।
लेकिन नाकाम रहने पर वे पुलिस के समक्ष मदद की गुहार लगाने पहुंच गए। शहर के लहरा फुलवारी निवासी पीड़ित कैसर आलम की मां सखीना खातुन के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
वहीं परिजनों ने बताया कि गत 20 मई की रात में खाना खाने के बाद कैसर घर पर ही था। रात 2 बजे उसके मोबाईल पर लगातार फोन आया और वह घर के बाहर निकल गया। घर बाहर पूर्व से ही एक एक संदिग्ध कार खड़ी थी और उसमें कुछ अज्ञात लोग बैठे हुए थे।
कार सवार बदमाशों ने कैसर को आवाज देकर पास बुलाया और उसका अपहरण कर कार में बैठाकर ले गया। घटना के बाद से कैसर का मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया है। हालांकि केस दर्ज करने के बाद पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर बदमाशों के पहचान में जुट गई है।





















