कटिहार कोर्ट – बिहार न्यायिक अकादमी पटना के आदेश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कटिहार के निर्देश पर व्यवहार न्यायालय कटिहार के सैकड़ों नव नियुक्त अपर विभागीय लिपिकों हेतु स्थानीय विकास भवन में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन नोडल पदाधिकारी सह सिविल जज सीनियर डिवीजन चतुर्थ कटिहार कुलदीप श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यवहार न्यायालय कटिहार के सेवानिवृत्त कर्मचारी ऋषिकेश झा,सदानंद झा एवं गौरी शंकर झा ने प्रशिक्षक के रूप में भाग लेकर नव नियुक्त कर्मियों को न्यायालयीन कार्य प्रणाली, अभिलेख संधारण, कार्यालय संचालन एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस संबंध में नोडल पदाधिकारी सह सिविल जज सीनियर डिवीजन कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नव नियुक्त कर्मियों को न्यायालयीन कार्यों के प्रति दक्ष, अनुशासित एवं उत्तरदायी बनाना है, ताकि वे न्यायिक कार्यों का निष्पादन और अधिक प्रभावी एवं सुचारू रूप से कर सके। मौके पर वरीय पेशकार आशीष कुमार त्रिवेदी के अलावा रमन पाठक,राजेंद्र झा सहित सैकड़ों की संख्या में न्यायालय कर्मचारी आदि मौजूद रहे ।























