डंडखोरा/ कटिहार। चोर अब विद्यालय को भी नहीं बख्श रहे हैं। प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत विद्यालयों में छोटी-मोटी चीजों के गायब होने की घटना आम थी।लेकिन 22.5.2026 की रात उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोरफर से चोरों ने पानी का मोटर,वर्ग 06 में लगे दो छत के पंखे चोरी कर ले गये।विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार चौहान ने इस बाबत थाना में आवेदन देकर उचित कारवाई की मांग की है।
तो वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय वरीय पदाधिकारियों को लिखित सूचना देते हुए विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुहार लगाई है।प्रधानाध्यापक ने बताया कि 23.5.2026 की सुबह जब स्कूल खुला, तो ताला टूटा देख कर चोरी की घटना का पता चला। उन्होंने बताया कि विद्यालय में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले दीपावली और छठ पूजा की छुट्टियों के दौरान भी चोरों ने स्कूल से दो पानी का मोटर, बिजली के कीमती तार और आर.ओ. मशीन के सामानों पर हाथ साफ कर दिया था।
इतना हीं नहीं उससे पहले चोरों ने बच्चों के खेल-कूद का सामान चोरी कर लिया था।उन्होंने आरोप लगाया है कि विद्यालय समय खत्म होने के बाद, स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों, शराबियों और नशेडियों का जमावड़ा लगा रहता है।
आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार इन घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।लगातार हो रही चोरियों तथा विद्यालय की संपत्ति का नुकसान होने से तंग आकर प्रधानाध्यापक ने वरीय अधिकारियों से इस मामले में संज्ञान लेकर उचित कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
लेकिन इन सब के बीच बड़ा सवाल है कि विद्यालय की गतिविधियों की निगरानी और बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए हर विद्यालय में विद्यालय शिक्षा समिति का गठन किया गया है।तो क्या उनकी जिम्मेवारी चोरी रोकने को लेकर कुछ भी नहीं है।























