किशनगंज /विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड स्थित मनरेगा भवन में गुरुवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार “सृजन अभियान” के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला कांग्रेस कमिटी किशनगंज के जिलाध्यक्ष शहाबुल अख्तर के नेतृत्व में संपन्न हुई।
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त सृजन अभियान के पर्यवेक्षक प्रेम रॉय, पूर्णिया युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सद्दाम हुसैन तथा युवा नेता आजाद साहिल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान कांग्रेस संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने, आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि “सृजन अभियान” का मुख्य उद्देश्य पार्टी को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना, युवाओं को संगठन से जोड़ना तथा जमीनी स्तर पर कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाना है। इसके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुनने और उन्हें पार्टी मंच तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जा रही है।
नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता की आवाज रही है और पार्टी कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब बूथ एवं पंचायत स्तर पर कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी रणनीतिक चर्चा की गई तथा क्षेत्र में पार्टी की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए नेताओं ने कहा कि पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन अपने वोटर कार्ड के साथ समय पर कार्यक्रमों में पहुंचकर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान की जा सके। साथ ही युवाओं एवं नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही गई।
कार्यक्रम में बहादुरगंज विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी प्रोफेसर मुस्सबीर आलम, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष नफीस हैदर, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जयप्रकाश गिरी, सांसद प्रतिनिधि हसनैन राजा, शौकत अली, अजहर अंजुम, सांसद निजी सहायक एहसान हसन, बाबर राय, महबूब राय, अबू बसर एवं नाकीर आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक शुरू होने से पूर्व पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के चलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत संगठन को मजबूती प्रदान करने एवं जनसरोकार के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
























