बरसोई /कटिहार – ऑपरेशन नार्कोस के अंतर्गत चलाए जा रहे अभियान में रेलवे सुरक्षा बल एवं सरकारी रेलवे पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली, जब ट्रेन संख्या 22233 डाउन न्यू जलपाईगुड़ी–पटना वंदे भारत एक्सप्रेस में लावारिस छोड़े गए एक ट्रॉली बैग से 13.430 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग छह लाख इकहत्तर हजार रुपये आँका गया है।आरपीएफ, न्यू जलपाईगुड़ी के हेड कांस्टेबल पीके मिश्रा अपनी टीम के साथ उक्त ट्रेन में यात्री एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात थे। खगड़िया–बरसोई रेलखंड में कोच सी-5 के सीट संख्या 55, 56, 57 के ऊपरी रैक पर एक संदिग्ध ट्रॉली बैग दिखा।
तलाशी में बैग के अंदर चार पैकेटों में भरा 13.430 किलोग्राम गांजा मिला। जाँच में पाया गया कि उक्त सीटों पर कोई यात्री नहीं बैठा था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि तस्करों ने जानबूझकर बैग छोड़ दिया था।
बरामदगी के तत्काल बाद आरपीएफ, बरसोई ने मौके पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर गांजे को जीआरपी, बरसोई को सुपुर्द किया। जीआरपी, बारसोई थाना प्रभारी ने इस संबंध में केस संख्या 13/2026 धारा 8/20(बी)(ii)(बी) एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विवेचना आरंभ कर दी है।






















