किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को सुहागिन महिलाओं द्वारा वट सावित्री पर्व श्रद्धा, आस्था एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर व्रत रखा। पूरे प्रखंड क्षेत्र में पर्व को लेकर सुबह से ही उत्साह एवं भक्तिमय माहौल बना रहा।
प्रखंड क्षेत्र के सुहिया हाट, शिव मंदिर चौक, आमबाड़ी, बेणुगढ़, मटियारी, फुलबड़िया, भोरहा, शीशागाछी, फतेहपुर हवाकोल, बीबीगंज सहित दर्जनों गांवों एवं चौक-चौराहों पर महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों एवं सोलह श्रृंगार में सजी महिलाओं ने वट वृक्ष के चारों ओर परिक्रमा कर धागा बांधा तथा विधिवत पूजा-अर्चना की।
इस दौरान महिलाओं ने वट सावित्री कथा का श्रवण किया और परिवार की सुख-शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।पर्व को लेकर स्थानीय बाजारों में भी काफी रौनक देखने को मिली। पूजा सामग्री, फल, आम, लीची, मिठाई एवं श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही।
फल विक्रेताओं ने बताया कि पर्व के कारण आम एवं लीची की मांग में काफी वृद्धि हुई, जिससे इनके दामों में भी बढ़ोतरी देखी गई।ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा कर एक-दूसरे को वट सावित्री पर्व की शुभकामनाएं दीं। बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि यह पर्व भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक परंपराओं का प्रतीक है, जिसे वर्षों से श्रद्धा के साथ मनाया जाता रहा है।
वट सावित्री पर्व को लेकर पूरे टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा तथा लोगों ने शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में इस पर्व को संपन्न किया।




























