किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित +2 उच्च विद्यालय टेढ़ागाछ में आगामी 18 मई से 22 मई 2026 तक पांच दिवसीय जिला स्तरीय भारत स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर शनिवार को विद्यालय परिसर में विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों तथा उसके उद्देश्यों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत स्काउट एवं गाइड, किशनगंज के जिला आयुक्त सुशील कुमार गुप्ता एवं जिला प्रशिक्षक टुनटुन पासवान पहुंचे। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मो० कासीम रज़ा ने फूलमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह एवं अनुशासन का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय के शिक्षक मनोज तिवारी ने बताया कि विशेष सत्र में जिला आयुक्त ने छात्र-छात्राओं को भारत स्काउट एवं गाइड के स्वर्णिम इतिहास, उसके नियम, सिद्धांत और सामाजिक महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रप्रेम विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा मानवता की भावना को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
जिला प्रशिक्षक टुनटुन पासवान ने प्रशिक्षण शिविर के दौरान होने वाली गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले इस कैम्प में बच्चों को प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन, आत्मनिर्भरता, टीम भावना, अनुशासन एवं दैनिक जीवन में उपयोगी कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि शिविर को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




























