अररिया /अरुण कुमार
अररिया में पुलिस के द्वारा नशे के धंधेबाजों के खिलाफ ताबड़तोड कारवाई जारी है।इसी क्रम में जिले की सिकटी थाना पुलिस ने एसएसबी के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार की अहले सुबह भोलानी गांव के समीप कार्रवाई करते हुए 630 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार तस्कर की पहचान सिकटी थाना क्षेत्र के ही मजरख वार्ड संख्या दो निवासी मोहम्मद मुश्ताक के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि भोलानी गांव के पास नेपाल से बड़ी संख्या में गांजा का खेप तस्करी कर भारत आने वाला है।सूचना पर सिकटी थानाध्यक्ष रोशन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।जिसमें सिकटी थाना के पुलिस के साथ सरहद की सुरक्षा में लगे एसएसबी जवानों को साथ लिया गया।सूचना के अनुसार एसएसबी और पुलिस के जवान घेराबंदी किए हुए थे ।
इसी क्रम में मौके पर से 21 बोरा जिसका कुल वजन 630 किलो ग्राम है गांजा बरामद किया गया।जबकि कार्रवाई के दौरान कई तस्कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए मकई के खेत से होकर फरार हो गए।
पुलिस ने तस्कर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और अग्रतर कारवाई में जुटी हुई है।छापेमारी दल में सिकटी थानाध्यक्ष रोशन कुमार,एसआई सौरभ कुमार,शशिभूषण,होमगार्ड के जवान मनोज पासवान, मोहम्मद मासूम के साथ थाना के सशस्त्र बल के जवान और एसएसबी के जवान मौजूद थे।
























