पौआखाली में बड़ा हादसा, नाबालिग युवक की ट्रेन की ठोकर से मौत, परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा सन्नाटा।

SHARE:

संवाददाता: रणविजय

अररिया-गलगलिया रेलखंड पर शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक नाबालिग युवक की जान चली गई है। घटना पौआखाली नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक स्थित तेलीभिट्ठा गांव के समीप की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान तेलीभिट्ठा गांव निवासी शमीम अख्तर उर्फ आदम के पुत्र मोहम्मद जिशान उम्र करीब 17 वर्ष के रूप में हुई है। घटना शनिवार दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे के बाद की बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि जिशान गांव के पास ही रेलवे पुल के बगल से ट्रैक पार कर रहा था, तभी वह वहां से गुजर रही एक मालवाहक ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही नगर के उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबू नसर आलम, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अबूजर गफ्फारी ने परिजनों की मदद से उसे आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने उसे परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया।

जिशान की मौत की खबर मिलते ही तेलीभिट्ठा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद सब इंस्पेक्टर अंगद कुमार प्रसाद पुलिसबल के साथ मृतक के गांव पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है।

वहीं इस घटना पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू, जदयू नगर अध्यक्ष हबेवुर रहमान, समाजसेवी नौशाद आलम, रालोमो के प्रखंड अध्यक्ष नायाब अनवर, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अजय सिन्हा आदि ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए यह क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि रेलवे लाइन को क्रॉसिंग करते वक्त सावधानी अवश्य बरतें।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई