उत्क्रमित मध्य विद्यालय शीशागाछी में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन,सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक को दी गई भावभीनी विदाई

SHARE:

संवाददाता: विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भोरहा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय शीशागाछी में शनिवार को विद्यालय परिवार की ओर से एक भावपूर्ण विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद मंडल के सम्मान में आयोजित किया गया। जानकारी के अनुसार, राजेंद्र प्रसाद मंडल ने 28 जनवरी 1989 को शिक्षक के रूप में अपनी सेवा की शुरुआत की थी।

अपने लंबे और समर्पित कार्यकाल के दौरान उन्होंने न केवल छात्रों को शिक्षा प्रदान की, बल्कि विद्यालय के विकास और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे 31 मार्च 2026 को विधिवत सेवानिवृत्त हो गए थे, लेकिन किसी कारणवश उस समय उनका विदाई समारोह आयोजित नहीं हो सका था। इसी कड़ी में शनिवार, 11 अप्रैल 2026 को विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देने के उद्देश्य से इस समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उन्हें बुके, फूल-माला एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने उनके प्रति अपने सम्मान और स्नेह को व्यक्त किया। समारोह का माहौल भावुक हो उठा, जब छात्रों और शिक्षकों ने नम आंखों से अपने प्रिय प्रधानाध्यापक को विदाई दी।

कई वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि राजेंद्र प्रसाद मंडल एक अनुशासित, कर्मठ और प्रेरणादायक शिक्षक रहे हैं, जिनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों शिक्षक, पोषक क्षेत्र के अभिभावक एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अनूप कुमार दास, गया प्रसाद सिंह, नंद कुमार, मदन प्रसाद सिंह, प्रोफेसर जमील अख्तर, दिनेश प्रसाद साह, महेश ठाकुर, मंजर आलम, मंच संचालक तारकेश्वर प्रसाद, प्रधानाध्यापक जलील अंसारी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया और अपने विचार व्यक्त किए।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई