कुरसेला/कटिहार – नेशनल हाईवे 31 पर गिट्टी प्लांट के पास शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्राली ट्रक की टक्कर हो गयी। हादसे में स्कार्पियो सवार आठ महिला पुरुष घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा हैं।
घायलों में प्राणपुर निवासी मोसली मुर्मू (39), तराई मुर्मू (55), खुशबू टूड्डू (20), राजौत मुर्मू (58), हनुजी मरांडी (35), विनोद मरांडी (22) एवं मनिहारी निवासी चार्ल्स हंसदा (26) के साथ एक अन्य शामिल हैं। इनमें से कुछ को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो सवार सभी लोग प्राणपुर से झारखंड के पंचखटिया किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कुरसेला के गिट्टी प्लांट के पास एक धर्मकांटा से ट्राली ट्रक को चालक पीछे कर रहा था।
तभी तेज रफ्तार स्कार्पियो के चालक ने वाहन से अपना संतुलन खो दिया और ट्रॉली ट्रक से स्कॉर्पियो की टक्कर हो गयी। जिससे स्कॉर्पियो सवार सभी लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गयी है।





























