अमदाबाद /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के लखनपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत वार्ड संख्या 6 में 15 वीं वित्त आयोग योजना के तहत नवनिर्मित पीसीसी सड़क के दोनों ओर मिट्टी नहीं भरने से स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण प्रमोद कुमार चौधरी, दीनानाथ चौधरी सहित अन्य लोगों ने बताया कि रोड का निर्माण लगभग 3 महीने पहले हुआ है।
लेकिन अब तक सड़क के दोनों ओर मिट्टी नहीं डाली गई है। यह क्षेत्र बाढ़ प्रभावित है। बाढ़ व बरसात के समय मिट्टी न होने के कारण सड़क टूटने का खतरा है।
वहीं उप मुखिया प्रतिनिधि दिलीप महाल्दार ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में कई अनियमितताएँ हुई हैं। सड़क की ढलाई 6 इंच की जगह सिर्फ 3 से 4 इंच ही की गई है।
इसके नीचे मिट्टी की जगह बालू डाला गया है। सड़क अभी से ही खोखली हो रही है। बाढ़ तथा बरसात के समय यह सड़क टूट जाएगी। ग्रामीणों व उप मुखिया प्रतिनिधि ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जिला पदाधिकारी कटिहार से सड़क के दोनों ओर मिट्टी भरने की मांग की है।



























