फर्जी निवेश कंपनी बनाकर रुपए की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


किशनगंज/प्रतिनिधि


फर्जी निवेश कंपनी बनाकर रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना अफजल अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।पकड़ा गया आरोपी दिघलबैंक थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसे पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले से गिरफ्तार किया गया है। किशनगंज पुलिस के द्वारा मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आरोपी अफजल अहमद ने वर्ष 2022 में बहादुरगंज अस्पताल रोड पर ‘फास्ट वर्ल्ड निधि लिमिटेड’ नाम से एक फर्जी कंपनी स्थापित की थी।

उसने लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर विभिन्न किश्तों में कुल 81.83 लाख रुपये की ठगी की। ठगी के बाद वह फरार हो गया था।पीड़ितों की शिकायत पर दिघलबैंक थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश की और उसे दार्जिलिंग जिले के बतासिया थाना क्षेत्र के जोरबंगला से गिरफ्तार किया।

पकड़े गए आरोपी के खिलाफ किशनगंज जिले के विभिन्न थानों में चोरी, ठगी और गबन के छह से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।पुलिस अब गबन की गई राशि की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।

एसपी संतोष कुमार ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें। संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की सलाह भी दी।