किशनगंज में गर्मी के कारण स्कूल समय बदला: प्राथमिक से उच्च माध्यमिक तक अब 6:30 से 12:30 बजे तक पढ़ाई

SHARE:

आंगनबाड़ी केंद्रों का समय भी बदला

किशनगंज जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी नासिर हुसैन के आदेशानुसार, सभी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय के समय सारणी में बदलाव किया गया है।

इन सभी स्कूलों में अब सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। यह नई व्यवस्था 6 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी। जारी आदेश के अनुसार, विद्यालय सुबह 6:30 बजे खुलेंगे। सुबह 6:30 बजे से 7:00 बजे तक प्रार्थना और अन्य विद्यालयी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके बाद नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।

पहली घंटी सुबह 7:00 बजे से 7:40 बजे तक, दूसरी 7:40 बजे से 8:20 बजे तक और तीसरी घंटी 8:20 बजे से 9:00 बजे तक चलेगी।मध्याह्न भोजन का समय सुबह 9:00 बजे से 9:40 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद, चौथी घंटी 9:40 बजे से 10:20 बजे तक, पांचवीं 10:20 बजे से 11:00 बजे तक और छठी घंटी 11:00 बजे से 11:40 बजे तक लगेगी। सातवीं घंटी 11:40 बजे से 12:20 बजे तक होगी, जिसके बाद छात्रों को छुट्टी दे दी जाएगी।

छात्रों की छुट्टी के बाद अंतिम 10 मिनट में शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान अगले दिन की कार्ययोजना तैयार की जाएगी और छात्रों को दिए गए गृहकार्य की जांच भी की जाएगी। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को इस नई समय-सारणी का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई