बरारी /कटिहार – मंगलवार की सुबह काढागोला रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार स्टेशन के पूर्वी छोर पर प्लेटफॉर्म संख्या-2 की अप लाइन पर ट्रेन से गिरने के कारण युवक की जान चली गई।घटना सुबह करीब साढ़े 6 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात जीआरपी के जवान पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान अररिया जिले के 17 वर्षीय सुदर्शन कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल गमगीन हो गया। जीआरपी के जवान विकास कुमार ने बताया कि युवक का शव रेल लाइन के किनारे पड़ा हुआ मिला।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ट्रेन से कैसे गिरा या हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मृतक सुदर्शन कुमार अररिया के एसडीएम का भांजा था। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर हैं।





























