2 अप्रैल को हर प्रखंड मुख्यालय पर होगा जोरदार प्रदर्शन
प्रतिनिधि /कटिहार – जिले में एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। पार्टी ने ऐलान किया है कि आगामी 2 अप्रैल को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर व्यापक स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।इसको लेकर कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र आश्रम में कटिहार ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक के दौरान एआईसीसी सदस्य केशर सिंह ने कहा कि आम जनता आज रसोई गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों से जूझ रही है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या पर मौन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएगी और प्रशासन को जगाने का काम करेगी।
इसके लिए उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।वहीं कटिहार कांग्रेस प्रभारी अमन कुमार यादव ने कहा कि आज की स्थिति बेहद चिंताजनक है, जहां महिलाओं को एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि 2 अप्रैल को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे और भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं कटिहार ग्रामीण के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि एलपीजी गैस की लगातार हो रही किल्लत और बढ़ती कीमतों ने आम जनता की परेशानी को काफी बढ़ा दिया है।
खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि 2 अप्रैल को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर होने वाला प्रदर्शन जनता की आवाज को बुलंद करने का एक बड़ा मंच होगा। मौके पर कटिहार कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास, अंजुमन कौशल उर्फ आम्रपाली यादव, शंकर सिंह, विनोद यादव,राज आनंद सिंह,पुतुल सिंह,जहांगीर आलम सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।




























