पटना। बिहार सरकार के उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने नालंदा स्थित शीतला माता मंदिर में चैत्र मास के अंतिम मंगलवार के अवसर पर पूजा के दौरान हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत हृदयविदारक और पीड़ादायक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कई श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की असामयिक मृत्यु का समाचार सुनकर वे बेहद व्यथित हैं।
मंत्री डॉ. जायसवाल ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में वे पूरी तरह पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।गौरतलब हो कि आज सुबह हादसे में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी जबकि कई घायलों का उपचार चल रहा है।
डॉ जायसवाल ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और पूर्ण आरोग्य की कामना भी की।




























