समस्तीपुर से हुई धरपकड़
कोढ़ा /कटिहार – कोढ़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला सिपाही अनीता कुमारी की आत्महत्या के मामले में मुख्य नामजद आरोपी सतीश कुमार उर्फ एस राघव को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी कोढ़ा थाना कांड संख्या-273/24 के तहत की गई है। मृतक महिला सिपाही,अनीता कुमारी बैज संख्या 215) कटिहार जिला बल में कार्यरत थीं। सूत्रों के अनुसार उन्होंने आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर सतीश कुमार उर्फ एस राघव पर मृतका को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। पुलिस द्वारा प्रदान की गई। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सतीश कुमार उर्फ एस राघव (27), पिता अशोक कुमार राम, ग्राम – लतवसेपुर वार्ड नं०-10, थाना – मुसरी घरारी, जिला समस्तीपुर का निवासी है।
कोढ़ा थाना पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर और तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेते हुए, पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद, कटिहार पुलिस ने मुसहरी घरारी थाना समस्तीपुर की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर एक संयुक्त टीम का गठन किया। इस संयुक्त टीम ने समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी सतीश कुमार को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए कटिहार लाया गया।
कटिहार पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, “कोढ़ा थाना कांड संख्या – 273/24, दिनांक- 05/10/2024, धारा – 108/316(2)/318(4) भा०न्या०सं के तहत प्राथमिक नामजद अभियुक्त सतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।”
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस अब आत्महत्या के कारणों, आरोपी और मृतका के संबंधों, और घटना के पीछे के अन्य संभावित पहलुओं की गहराई से जांच करेगी। इस मामले में कटिहार पुलिस की कार्रवाई ने मृतक सिपाही के परिवार और सहकर्मियों को न्याय की उम्मीद दी है ।




























