किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित आमबाड़ी गांव के पोखर में निर्मित नए छठ घाट का रविवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य खोशी देवी एवं दिनेश प्रसाद मांझी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर घाट का लोकार्पण किया। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र के लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
यह छठ घाट जिला परिषद मद (टाइड) योजना के अंतर्गत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये की प्राकलित राशि से निर्मित किया गया है। लंबे समय से स्थानीय ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, सुरक्षित और व्यवस्थित छठ पूजा स्थल की मांग कर रही थीं। अब इस घाट के निर्माण से उनकी यह बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है।
उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही। सभी ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि छठ घाट के निर्माण से न केवल छठ व्रतियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि गांव के सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य खोशी देवी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं दिनेश प्रसाद मांझी ने कहा कि यह घाट आने वाले समय में छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा और इससे सुरक्षा के साथ-साथ स्वच्छता भी सुनिश्चित होगी।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के विकास कार्यों से गांव की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह की जनहितकारी योजनाएं क्षेत्र में संचालित होती रहेंगी।



























