पटना : सीएम नीतीश कुमार कल सुबह 11.30 बजे राज्य सभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र करेंगे दाखिल, सीएम की रेस में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।
बिहार की राजनीति में इन दिनों बड़ा राजनीतिक बदलाव होने की अटकलें तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी चल रही है। वहीं उनकी जगह भारतीय जनता पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता को बिहार का नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक संभावित राजनीतिक समीकरण के तहत मुख्यमंत्री पद में बदलाव के साथ ही नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा राजनीतिक गलियारों में चल रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इन अटकलों के बीच बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राजनीतिक स्तर पर चर्चाएं जरूर चल रही हैं, लेकिन अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ही लेना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नीतीश कुमार जो भी फैसला लेंगे, वह सभी के लिए सर्वमान्य होगा।
इधर राजनीतिक घटनाक्रम के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गुरुवार को पटना पहुंचने की खबर है। बताया जा रहा है कि वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नामांकन पत्र दाखिल करने के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
राजनीतिक हलकों में जारी इन चर्चाओं ने बिहार की सियासत को गर्म कर दिया है। अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव माना जा रहा है।



























