गोसवारा समिति सह मनोरंजन क्लब के हालिया चुनाव में मिक्की साहा को सर्वसम्मति से निर्विरोध सचिव चुना गया। नामांकन की अंतिम तिथि तक सचिव पद के लिए केवल एक ही नामांकन प्राप्त होने के कारण निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
इस अवसर पर क्लब के सदस्यों एवं गणमान्य लोगों ने मिक्की साहा को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में समिति नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। सदस्यों ने कहा कि मिक्की साहा पूर्व से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
निर्वाचन परिणाम की घोषणा के बाद मिक्की साहा ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समिति के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को विस्तार देने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा में जोड़ने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने आशा जताई कि नए कार्यकाल में गोसवारा समिति सह मनोरंजन क्लब क्षेत्र में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विकास और जनकल्याण के कार्यों में नई मिसाल कायम करेगा।




























