संवाददाता/बहादुरगंज
किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत सपटिया बिशनपूर चौक स्थित NH-327E पर सोमवार को दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद एक ट्रक में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी ऊँची थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं, लेकिन तब तक आग पर काबू पाया जाता, उससे पहले ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। इस हादसे में ट्रक चालक और खलासी की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक की पहचान यूपी के निवासी के रूप में की गई है।
वहीं, दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पहचान पश्चिम बंगाल के निवासी आरिफ के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही कोचाधामन थाना पुलिस मौके पर पहुँची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जाँच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।


























