ठाकुरगंज में 27–28 फरवरी को यूडीआईडी लंबित आवेदनों के निष्पादन हेतु विशेष शिविर

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह

विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) के लंबित आवेदनों के निष्पादन के लिए दिनांक 27 एवं 28 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ठाकुरगंज में ‘मिशन मोड’ में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस शिविर में पूर्व से लंबित आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा।

शिविर की तैयारियों को लेकर 26 फरवरी 2026 को प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली की अध्यक्षता में प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी, प्रखण्ड कर्मियों तथा प्रखण्ड एवं नगर पंचायत के सभी विकास मित्रों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिविर को सफल बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने बताया कि दिव्यांगजनों द्वारा पूर्व में जमा किए गए कुल 219 आवेदन त्रुटियों के कारण यूडीआईडी कार्ड में परिवर्तित नहीं हो सके थे। जिला प्रशासन के निर्देश पर इन सभी आवेदनों का निष्पादन इस विशेष कैम्प के माध्यम से किया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना (सम्बल) के अंतर्गत बैट्री चालित ट्राइसाइकिल के प्रावधानों, सहायक उपकरणों तथा कृत्रिम अंगों की उपलब्धता और संशोधित नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय के संकल्प के अनुसार बैट्री चालित ट्राइसाइकिल के लिए अब न्यूनतम 40 प्रतिशत चलंत दिव्यांगता निर्धारित की गई है। तीन किलोमीटर या उससे अधिक दूरी से संबंधित शर्तों में भी शिथिलता प्रदान की गई है।

सहायक उपकरणों के मामलों में शीघ्र हस्तक्षेप की आवश्यकता होने पर दिव्यांगता प्रमाण-पत्र उपलब्ध न रहने की स्थिति में भी लाभुकों को योजना से वंचित नहीं किया जाएगा। तिपहिया साइकिल, श्रवण यंत्र, वैशाखी, कैलिपर्स, कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरणों के लिए वार्षिक पारिवारिक आय सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाकर अधिकतम दो लाख रुपये कर दिया गया है।

बैठक में सभी विकास मित्रों को निर्देश दिया गया कि मार्च 2026 के दौरान प्रत्येक पंचायत एवं नगर पंचायत से कम-से-कम दस बैट्री चालित ट्राइसाइकिल तथा दस पात्र लाभार्थियों के आवेदन मुख्यमंत्री कबीर अन्त्येष्टि योजना के तहत सुनिश्चित कराए जाएं। इस कार्य की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक शुक्रवार को की जाएगी।

प्रशासन ने सभी संबंधित आवेदकों से निर्धारित तिथि पर शिविर में उपस्थित होकर अपने आवेदन का निष्पादन कराने की अपील की है।

कुलभूषण सिंह

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई