शताब्दी वर्ष में भक्ति और आस्था का महासंगम,श्री विष्णु मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

SHARE:

बारसोई /कटिहार – बारसोई के प्रसिद्ध एवं प्राचीन श्री विष्णु मंदिर के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शताब्दी समारोह दिव्य आस्था,भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच भव्य रूप से मनाया गया। सौ वर्षों की गौरवशाली परंपरा के साक्षी बने इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ और हरि नाम के संकीर्तन से गुंजायमान रहा। श्रद्धालु भक्ति भाव से सराबोर होकर भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना में लीन दिखाई दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-पाठ से हुई। मंदिर के पुरोहित आचार्य रमेश पांडेय के सानिध्य में सुंदरकांड पाठ, विष्णु सहस्त्रनाम पाठ एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान की आराधना की गई। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा में भाग लेकर अपने जीवन में सुख-शांति, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की मंगल कामना की।

मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से अलंकृत किया गया था, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक और दिव्य प्रतीत हो रहा था।संध्या बेला में आयोजित भक्ति जागरण कार्यक्रम ने श्रद्धा और भक्ति की अलौकिक छटा बिखेर दी। भजन कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मधुर एवं भावपूर्ण भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तगण भक्ति रस में डूबकर देर रात तक भगवान के भजनों में लीन रहे।

जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा,शताब्दी समारोह के अंतर्गत महिलाओं को सम्मानित करना कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। आयोजकों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को मंच पर आमंत्रित कर उनके कर-कमलों से दीप प्रज्वलित करवाया. इस पहल के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया और समाज में महिलाओं की भूमिका को सम्मानपूर्वक रेखांकित किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक मंच से महिलाओं को सम्मान देना समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष मुन्ना लाल भगत,सचिव अजय कुमार साहा,कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता सहित सदस्य वीरेंद्र कुमार साह,संजीव कुमार दास,सागर साह,आनंद गुप्ता तथा समिति के अन्य सदस्यों ने समर्पित भाव से योगदान दिया। महिला मंडली की सदस्यगण ने भी आयोजन की व्यवस्था और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्थानीय नगर एवं ग्रामीण श्रद्धालुओं में विधायक पति राजेश साह उर्फ मिट्ठू,रोहित भगत,नीरज राम,अनिल भगत, अनिल गुप्ता उर्फ हप्पू, गौतम महतो उर्फ गुल्लू, उत्तम भगत, प्रकाश पोद्दार,गोपाल भगत उर्फ गुल्टन की सक्रिय सहभागिता से यह शताब्दी समारोह भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का अद्भुत प्रतीक बनकर उभरा। आयोजकों ने कहा कि मंदिर के सौ वर्ष पूर्ण होना केवल एक उत्सव नहीं,बल्कि पीढ़ियों की आस्था,विश्वास और आध्यात्मिक विरासत का उत्सव है। जिसने क्षेत्रवासियों के हृदय में नई ऊर्जा और धार्मिक चेतना का संचार किया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई