संवाददाता:राहुल कुमार
किशनगंज जिला परिषद कार्यालय स्थित मैची सभागार में शनिवार को ‘दिशा’ की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सांसद डॉ जावेद आजाद ने की। इस अवसर पर बिहार सरकार के उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से जल-नल योजना, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, सड़क निर्माण कार्य, बिजली आपूर्ति व्यवस्था, आईसीडीएस (समेकित बाल विकास सेवा) सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा आम जनता तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने पर विशेष बल दिया गया।बैठक के उपरांत उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि बैठक काफी सकारात्मक रही ।
उन्होंने कहा कि कई समस्याओं से अवगत करवाया गया है जिनके निदान का निर्देश दिया गया है।वही उन्होंने दिल्ली के भारत मण्डपम में आयोजित AI सम्मिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन की निंदा की।
डॉ जायसवाल ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह का दौरा होना है लेकिन अभी तारीख तय नहीं हुई है।इस बैठक में जिला पदाधिकारी विशाल राज, विधायक कमरुल हुदा,कोचाधामन विधायक सरवर आलम,ठाकुरगंज विधायक गोपाल अग्रवाल,जिला परिषद अध्यक्ष रुकैया बेगम सहित अन्य लोग मौजूद थे।




























