कुर्सेला अग्निकांड की स्थिति भयावह – तारिक अनवर
अग्नि पीड़ितों से मिले सांसद, हर संभव मदद और सरकारी सहायता का दिया भरोसा
कटिहार – जिले के कुर्सेला हाट में बीते दिनों देर शाम लगी भीषण आग की घटना ने सैकड़ों परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। इस भयावह अग्निकांड में सैकड़ों दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। कटिहार के सांसद तारिक अनवर कुर्सेला पहुंचकर अग्नि पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात की और घटनास्थल का जायजा लिया। सांसद ने पीड़ित दुकानदारों से मिलकर उनकी पीड़ा सुनी और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में हम सभी पीड़ित दुकानदार भाइयों के साथ खड़े हैं। जिन लोगों की वर्षों की मेहनत कुछ ही घंटों में राख हो गई, उनके दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, उन्होंने कहा। सांसद ने राज्य सरकार से मांग की कि सभी अग्नि पीड़ितों को शीघ्र और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपने व्यवसाय को खड़ा कर सकें। उन्होंने प्रशासन से क्षति का त्वरित आकलन कर राहत राशि उपलब्ध कराने की अपील की।
इस दौरान सांसद ने क्षेत्र में दमकल व्यवस्था की कमी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आग लगने की स्थिति में यदि समय पर दमकल पहुंचती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने आश्वस्त किया कि कुर्सेला सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दमकल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग से बात की जाएगी। ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर तुरंत काबू पाया जा सके।
मौके पर मौजूद जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने भी घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड ने सैकड़ों परिवारों की आजीविका छीन ली है। इस संकट की घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी पीड़ितों के साथ है और उन्हें हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा, उन्होंने कहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला।
फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और राहत कार्य जारी है। कुर्सेला हाट का यह अग्निकांड जिले के सबसे बड़े हादसों में से एक माना जा रहा है। अब पीड़ितों की निगाहें सरकार और प्रशासन की ओर टिकी हैं कि उन्हें कब तक राहत और मुआवजा मिल पाता है।
मौके पर किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास, शहनवाज खान,कुरसेला प्रखंड अध्यक्ष राजीव कुमार,बरारी प्रखंड अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह,संजय सुमन,अकबर अंसारी,सत्यनारायण चौधरी, शमशाद आलम, अशोक मंडल सहित कई कांग्रेस नेता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे ।
























