कटिहार/सतेंदु सुमन
अमदाबाद प्रखंड क्षेत्र के पूर्वी करीमुल्लापुर पंचायत के नीरपुर चन्नी गांव में जमीन विवाद को लेकर धारदार हथियार से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल जोगी रविदास की पुत्रवधू ने थाने में आवेदन देकर बताया कि उनके पड़ोसी सरयुग रविदास उसका पुत्र संजय रविदास एवं अरुण रविदास के साथ उनके परिवार का खेती-बाड़ी की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।
बीती रात घर के सभी लोग खाना खाकर अपने घर में सो गए। सुबह करीब तीन बजे ससुर जोगी रविदास के कराहने और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब मै ससुर के पास पहुंची तो देखा कि वह खून से लथपथ अवस्था में जमीन पर गिरे पड़े थे। इसी दौरान संजय रविदास और अरुण रविदास हाथ में हंसवा लिए आंगन से कूदकर फरार होते दिखाई दिए।
बताया कि आरोपियों ने हंसवा से उनके कनपट्टी और हाथ पर हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए पीएचसी अमदाबाद ले जाया गया। जहां से हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल कटिहार रेफर कर दिया गया।इस संबंध में अपर थाना अध्यक्ष विजय कुमार राम ने बताया कि पुत्रवधू के दिए गए आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है।आगे कार्रवाई की जा रही है।




























