ठोस प्रमाण नहीं मिले
कटिहार/सतेंदु सुमन
जिले के मनिहारी क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग की लगातार मिल रही शिकायतों के आलोक में जिला प्रशासन की ओर से गठित जांच दल ने बुधवार को विभिन्न ठिकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच दल ने नदी मार्ग सहित उन स्थानों का दौरा किया। जहां से भवन निर्माण सामग्री जैसे गिट्टी, पत्थर,बोल्डर आदि का व्यापक पैमाने पर ट्रकों के माध्यम से परिवहन किया जाता है। निरीक्षण के दौरान टीम ने नदी मार्ग में संचालित व्यावसायिक फेरी सेवा का भी जायजा लिया।
बड़े जहाजों के माध्यम से ट्रकों को नदी पार उतारने की प्रक्रिया की भी जांच की गई। शिकायत थी कि इन्हीं वाहनों के जरिए ओवरलोड सामग्री का परिवहन और अवैध खनन किया जा रहा है।
हालांकि जांच के दौरान टीम को शिकायत के समर्थन में कोई पुख्ता प्रमाण हाथ नहीं लगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी निगरानी जारी रहेगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी सुवीर रंजन, मोटर यान निरीक्षक राहुल कुमार, खनन निरीक्षक,अनुमंडल पदाधिकारी मनिहारी त्रिलोकी नाथ सिंह,डीएसपी बिनोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।




























