संवाददाता/ किशनगंज
किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के लाइन मस्जिद के पास एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में 14 वर्षीय बच्ची का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक बच्ची की पहचान सानिया परवीन के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर 1 मोहिउद्दीनपुर की निवासी थी। बच्ची अपनी मां के साथ घर की सफाई करने आई थी।
जहां कुछ देर काम करने के बाद उसकी मां दूसरे घर में काम करने चली गई ।मिली जानकारी के अनुसार मकान मालिक कोलकाता में रहते है और वो आने वाले थे जिसकी वजह से घर में सफाई करवाया जा रहा था।मृतिका की मां ने बताया कि कुछ देर काम करने के बाद मकान में बेटी को छोड़ कर वो बाहर से ताला मारकर काम से चली गई थी जब वापस लौटी तो देखा कि बेटी फांसी के फंदे से लटकी हुई है।घटना की जानकारी जैसे ही मुहल्ले वासियों को हुई मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय वार्ड पार्षद अंजार आलम ने बताया कि मृतक बच्ची काफी दिनों से इस घर में काम कर रही थी और पुलिस जांच में ही पता चलेगा कि आखिर मौत की वजह क्या है ।वही घटना की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले के छानबीन में जुट गई है ।




























