आरसीसी सड़क पर अतिक्रमण से ग्रामीण परेशान, अंचलाधिकारी से की गई शिकायत

SHARE:

संवाददाता: विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भोरहा पंचायत के वार्ड संख्या चार में निर्मित आरसीसी सड़क पर ग्रामीणों द्वारा टाटी (घेराबंदी) लगाकर अतिक्रमण कर लेने से सड़क अत्यंत संकरी हो गई है। सड़क की चौड़ाई कम हो जाने के कारण चार चक्का वाहनों का गांव के अंदर प्रवेश लगभग असंभव हो गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर किए गए अतिक्रमण के कारण न केवल दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी परेशानी उत्पन्न हो सकती है। यदि किसी के घर में शादी-विवाह या अन्य सामाजिक कार्यक्रम हो, तो दूल्हे की गाड़ी तक दरवाजे तक नहीं पहुंच पाती है। वहीं बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाने में एंबुलेंस या अन्य वाहन गांव में प्रवेश नहीं कर पाते, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

इस समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से मंगलवार को अंचल कार्यालय पहुंचकर अंचलाधिकारी शशि कुमार को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन देने वालों में मो. अकमल आलम, मो. जाकिर, मो. मजीद आलम, मो. आलम, महबूब आलम, सिकंदर आलम सहित कई ग्रामीण शामिल हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि आरसीसी सड़क से अविलंब अतिक्रमण हटाकर सड़क को पूर्ववत चौड़ा किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।इस संबंध में अंचलाधिकारी शशि कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार जल्द ही सड़क से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई