संवाददाता/किशनगंज
शहर के एक प्रसिद्ध ज्वेलरी शो रूम के मालिक को नकली सोना देकर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। शहर के अस्पताल रोड स्थित शोरूम के मालिक जयप्रकाश सुहानिया के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित के ज्वेलरी शोरूम में गोविन्द नामक एक व्यक्ति काम करता है। गोविन्द के रिश्ते का भाई अशोक कुमार गुप्ता का घर लाईन मोहल्ला बुढ़ीकाली मंदिर के निकट है। अशोक पूर्व से सोने का काम करता था। उसने जयप्रकाश से बाजार से कम दर पर सोना देने का सौदा किया। ततपश्चात जयप्रकाश ने गत छह अगस्त को अशोक गुप्ता और गोविन्द को 20 लाख रुपये दिये।
अशोक सोना लेकर आने की बात कहकर निकल गए। कुछ देर बाद अशोक सोना लेकर वापस आया। लेकिन जांच किये जाने पर सोना नकली निकला। पीड़ित जयप्रकाश ने फौरन अशोक को फोन कर घटना की जानकारी दी।
अशोक ने नकली सोना ले लिया और सिलीगुड़ी स्थित सोने के अडडे से रुपये लेकर आने की बात कह कर निकल गया। लेकिन इसके बाद उसने रुपये या सोना कुछ भी वापस देने से साफ इंकार कर दिया और तरह तरह की धमकियां देने लगा। घटना से हैरान और परेशान पीड़ित न्याय की गुहार लगाने पुलिस के समक्ष जा पहुंचा।
