किशनगंज /पोठिया/इरफान
अपने पति की लंबी आयु की कामना और परिवार की सुख समृद्धि के लिए किया जाने वाले करवा चौथ व्रत का इंतजार हर वर्ष महिलाओं को बेसब्री से रहता है।बदलते जमाने के साथ करवा चौथ मनाने के तरीकों में बदलाव तो आया है लेकिन लोगों की आस्था आज भी उतनी ही है।बुधवार को पोठिया प्रखंड के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं ने इस पर्व को धूमधाम से मनाया।पोठिया बाजार,चौक,तैयबपुर, कलियागंज,छत्तरगाछ,सहित विभिन्न इलाकों में यह पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाया गया।
इस दौरान कई महिलाओं ने समूह में एकत्रित होकर पूजा अर्चना की।बाजारों में काफी चहल-पहल देखी गई।वहीं कई इलाकों में महिलाओं ने देवी मंदिर में पूजा अर्चना कर सभी की मंगलकामना की।महिलाओं ने व्रत से संबंधित कथा सुनकर अपने बड़े बुजुर्ग का आशीर्वाद लिया।व्रत के बाद महिलाओं ने देर रात चांद के दर्शन किए और अपने पति के हाथों जल पीकर व्रत तोड़ा।
प्राथमिक विद्यालय गोआबारी में शिक्षिका के रूप में कार्य कर रहीं हेना देवी कहती हैं कामकाजी महिलाओं के लिए करवा चौथ मनाना थोड़ा मुश्किल जरूर है,लेकिन करवा चौथ का व्रत लेने के लिए वह छुटटी लेती हैं।वहीं रेखा देवी का कहना है कि समय बदलने के साथ काफी बदलाव आ गया है।वे घर से बाहर रहती है इसके बावजूद करवा चौथ का व्रत पूरे विधि विधान के साथ करतीं है।